साकची पुलिस अस्पताल में लगा हेल्थ कैंप, रोटरी क्लब और पुलिस की संयुक्त पहल से 250 जवानों की होगी जांच
जमशेदपुर : साकची स्थित पुलिस अस्पताल में रविवार को रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी और जमशेदपुर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस हेल्थ कैंप का उद्घाटन एसएसपी जमशेदपुर ने किया।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पुलिसकर्मियों की मुफ्त जांच और परामर्श दिया। आरोग्यम जांच केंद्र की ओर से ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, बीपी, पीएफटी, हाइट-वेट और ऑडियोमेट्री टेस्ट जैसी सुविधाएं 50 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराई गईं। सामान्यतः ₹2500 मूल्य का पैकेज यहां मात्र ₹500 में प्रदान किया गया। साथ ही जन औषधि केंद्र के माध्यम से पुलिसकर्मियों को मुफ्त दवाएं भी दी गईं।
रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के सचिव जितेश कुमार चौधरी ने बताया कि शिविर में जनरल फिजिशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, डेंटल, गायनोकोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिक और जनरल सर्जन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच की। अब तक करीब 150 पुलिसकर्मियों की जांच हो चुकी है और कुल 250 की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
यह पहल पुलिस बल के स्वास्थ्य और जागरूकता को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे हेल्थ कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि पुलिसकर्मी स्वस्थ और फिट रह सकें।






