Ranchi रांची: पुलिस के अनुसार, झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को अलग-अलग जगहों से दो महिलाओं के शव बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, एक शव बूटी मोड़ के पानी टाकी इलाके में एक पहाड़ी की चोटी से बरामद किया गया, जबकि दूसरा रातू थाना क्षेत्र के एक कुएँ से मिला। पुलिस को संदेह है कि पहले मामले में 28 से 30 साल की उम्र की अज्ञात महिला की हत्या की गई होगी। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने कहा, “महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं और प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया है।”
पुलिस ने बताया कि दूसरे मामले में, रातू थाना क्षेत्र के टिकराटोली में एक कुएँ से एक शव बरामद किया गया और मृतका की पहचान रांची के नगरी इलाके की रहने वाली संगीता देवी (25) के रूप में हुई है। उसने हाल ही में टिकराटोली में एक व्यक्ति से शादी की थी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने कहा, “महिला के चेहरे और सिर पर चोट के कुछ निशान थे। पुलिस उसकी मौत के कारणों की जांच कर रही है। रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।”






