सामाजिक संस्था जिज्ञासा ने चलाया फाइलेरिया जागरूकता अभियान
सामाजिक संस्था जिज्ञासा द्वारा बर्मामाइन्स क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर आगामी 10 फ़रवरी से शुरू होने वाले फैलारिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाना है । इसी कड़ी में गुरुवार को इसकी शुरुआत हिन्द आश्रम से की गई । इस बीच संस्था के संचालक रंजीत कुमार ने बताया की फाइलेरिया मच्छर के काटने से होने वाला एक संक्रामक रोग है जिसे आमतौर पर हाथीपाँव के नाम से जाना जाता है । इसका संक्रामण मच्छर द्वारा संक्रमित व्यक्ति से स्वस्थ व्यक्ति में होता है। माइक्रो फाइलेरिया के कीटाणु स्वस्थ व्यक्ति में भी हो सकते हैं । यदि शुरुआत से ही फाइलेरिया रोगी दवा का सेवन किया जाए तो फाइलेरिया के प्रकोप से बचा जा सकता है । बचाव के लिए हर किसी को दवा खानी है । केवल गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति ,गर्भवती माता ,ऐसी माता जो नवजात शिशु को दूध पिला रही हो एवं एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों को द्वा का सेवन नहीं करना है । सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दवा का सेवन खाली पेट नहीं करनी है।
ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस कार्यक्रम को चलाया जाता है । इस कार्यक्रम अंतर्गत स्वास्थकर्मी घर-घर जाकर अपनी उपस्थिति में दवा खिलाते हैं । इस वर्ष भी यह कार्यक्रम जिले में आगामी 10 फ़रवरी से 25 फ़रवरी तक चलेगा ।
संस्था के संयोजक मनोज कुमार नांद्रजोग ने सभी लोगों से दवा खाने कि अपील कि और कहा कि सभी के सहयोग से फाइलेरिया को हराना है और अपने जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाना है । इस मौके पर उपस्थित लोगों ने दवा सेवन करने को लेकर शपथ भी ली ।






