राजधानी रांची में अपराधी पुलिस महकमे पर भारी पड़ रहे हैं। कभी रात के अंधेरे में घटना को अंजाम देते थे अब दिन-दहाड़े गोलियां बरसा रहे हैं। ऐसी गोलीबारी की घटना कांके ब्लॉक चौक के पास घटी है। अपराधियों ने अंधाधूंध फायरिंग की है। इस फायरिंग का शिकार जमीन कारोबारी हुआ है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सात राउंड फायरिंग की है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। जांच जारी है।
ताबड़तोड़ चलायी गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस जमीन कारोबारी को टारगेट कर गोली चलायी गयी है, उसका नाम अवधेश है। वह कांके चौक के पास खड़ा था। तभी अपराधी आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलायी। बताया जा रहा है कि जमीन कारोबारी को चार गोलियां लगी हैं। आसपास के लोगों ने घायल जमीन कारोबारी को अस्पताल भेजा है।
भागने के लिए लूटी बाइक
आसपास के लोगों से आ रही जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद वहां खड़े एक व्यक्ति की बाइक भी लूट ली। अपराधी इसी बाइक से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और लोगों से पूछताछ कर जानकारी इकट्ठा कर रही है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।






