दार्जिलिंग: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग से एक भयावह घटना सामने आई है. यहां 68 वर्षीय एक बुजुर्ग को एक नाबालिग लड़की के साथ एक महीने से अधिक समय तक लगातार बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बाद मासूम पीड़िता को हर बार 10 रुपए देता रहा और धमकी दी कि इस घटना के बारे में किसी को भी बताया तो (पीड़िता को) जान से मार देगा.
लड़की की आपबीती सोमवार को उस वक्त सामने आई, जब 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली इस पीड़िता ने इस भयावह घटना के बारे में अपनी मां को बताया. इसके बाद उसकी मां ने पुलिस से मिलकर शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. ये घटना दार्जिलिंग जिले की खोरीबारी इलाके के पानीशाली ग्राम पंचायत में घटित हुई है.
पुलिस की एफआईआर (FIR) के अनुसार, घटना तब हुई जब लड़की अपने घर में अकेली होती थी. उसके घर के पास ही रहने वाला आरोपी बुर्जुग उसके साथ बलात्कार करने के बाद उसे हर बार 10 रुपये देता था. आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी थी कि अगर उसने बलात्कार के बारे में किसी को बताया तो वह उसका गला दबाकर हत्या कर देगा.’ पीटीआई ने पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि, ‘मां की शिकायत और पीड़िता की गवाही के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले की छानबीन में लगी है.






