बिहार में चाचा-भतीजे के बीच जुबानी जंग तेज, चिराग पासवान ने पशुपति पारस के बयान पर कसा तंज

बिहार में लोकजनशक्ति के दोनों गुटों के चीफ यानी चाचा-भतीजे के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। एक तरफ चाचा पशुपति पारस ने भतीजे चिराग को लेकर तीखा बयान दिया है तो वहीं चिराग ने चाचा को हिदायत दे दी है।

पटना: काफी राजनीतिक तामझाम के बाद आखिरकार चिराग पासवान एनडीए में शामिल हो गए। एनडीए में शामिल होने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को दिल्ली से पटना पहुंचे। पटना पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए चिराग ने चाचा पशुपतिनाथ पारस के तीखे बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें पारस ने कहा था कि ‘पैर छूने से दिल नहीं मिलेंगे।’ इतना ही नहीं चिराग ने चाचा को हिदायत भी दी तो वहीं बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा।

चिराग ने किया बीजेपी का गुणगान
एनडीए में शामिल होने के बाद चिराग पासवान काफी उत्साहित दिखे और बीजेपी का जमकर गुणगान किया। चिराग ने कहा कि जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं ने लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के साथ संपर्क साधा, जो सम्मान दिया उससे लोकसभा चुनाव की रूपरेखा तैयार हो गई है। चिराग ने स्पष्ट किया और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी से हुई मुलाकात के बाद जो हमारी चिंताएं थीं वो दूर हो गईं हैं।

चिराग ने कहा- हमने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया
चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास ने 2020 का चुनाव अकेले लड़ना पसंद किया लेकिन अपने स्वार्थ के लिए अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।चिराग ने कहा, ‘आज हमको एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनाया गया तो पूर्ण विश्वास के साथ कहता हूं कि इस बार के चुनाव में 40 की 40 सीटें एनडीए गठबंधन को मिलेंगी।

सीएम नीतीश पर कसा तंज
चिराग ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा और कहा कि नीतीश कुमार को लेकर जो बिहार के जनता में आक्रोश है, वो हमने उपचुनाव में देखा है। गोपालगंज के परिणाम हों या कुढ़नी के परिणाम हों, या फिर मोकामा के परिणाम, इन सभी परिणामों को देखकर लगता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस गठबंधन में रहेंगे उस गठबंधन को नुकसान ही होगा।’ अगली बार चुनाव में एनडीए की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा में एक भी खाता खोल नही पाएंगे।

चाचा पशुपति पारस को चिराग ने दी हिदायत

चाचा पशुपतिनाथ पारस के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि पैर छूने से दिल नहीं मिलेंगे, चिराग ने कहा, ‘यह 2 साल पहले की बात है और अब हम लोग बहुत आगे निकल चुके हैं। ये मेरे घर और परिवार की अब व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है हमें बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट की चिंता है। अब मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता, ना तो इन बातों पर कोई टिप्पणी की थी और ना अब करूंगा।’

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई