जुगसलाई में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार

जुगसलाई में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार

खरकई रेलवे पुल के पास पुलिस ने की छापेमारी, 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल, बाइक और डिजायर कार जब्त; तीन आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के पास पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक मारुति डिजायर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे पुल के समीप कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार मो. रेहान हुसैन तथा डिजायर कार में सवार तीन अन्य युवकों शेख कुतुबुद्दिन उर्फ मोनू, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान चारों के पास से अलग-अलग पुड़ियों में ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. रेहान हुसैन के पास से 35 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कागज सहित कुल वजन 6.09 ग्राम है। वहीं, शेख कुतुबुद्दिन उर्फ मोनू के पास से 30 पुड़िया, जिसका वजन 6.66 ग्राम, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस के पास से 34 पुड़िया, जिसका वजन 6.70 ग्राम तथा दिलशाद खान उर्फ राजा के पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कागज और प्लास्टिक सहित वजन 3.70 ग्राम बताया गया है। इस प्रकार कुल 23.15 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने डिजायर कार नंबर JH05CK3768 की तलाशी ली। इस दौरान कार की ड्राइविंग सीट के नीचे पायदान से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से प्राप्त 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और उक्त डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया।

इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 27(A) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क शहर के किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ इस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment