गुरु नानक देव जी के जयकारों से गूंजा लौहनगरी, भव्य नगर कीर्तन में उमड़ा आस्था का सैलाब
557वें प्रकाश पर्व पर सोनारी गुरुद्वारा से निकली भव्य शोभायात्रा, फूलों से सजी पालकी साहिब रही आकर्षण का केंद्र; हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
जमशेदपुर: ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों और गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से मंगलवार को पूरी लौहनगरी भक्तिमय हो उठी। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जमशेदपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें हजारों की संख्या में सिख समाज के लोगों के साथ विभिन्न धर्मों और समुदायों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धा, सेवा, अनुशासन और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की रहनुमाई, पांच सिंह साहिबान की अगुवाई तथा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आयोजन में नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से हुई। सर्वजन के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की अरदास के बाद नगर कीर्तन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ा। इसका मार्ग सर्किट हाउस, जुस्को गोलचक्कर, कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा तक निर्धारित किया गया था।
नगर कीर्तन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री एवं विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, जिला बीस सूत्री कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, दैनिक उदित वाणी के संपादक उदित अग्रवाल, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, जदयू अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महावीर मुर्मू समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अतिथियों ने गुरु नानक देव जी के मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने देश की आजादी, सुरक्षा और विकास में सिख समाज के योगदान को भी सराहा।
नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण फूलों से सजी भव्य पालकी साहिब रही, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज विराजमान थे। पालकी साहिब की सेवा सूरज ऑटोमोबाइल के विरदी परिवार की ओर से की गई थी। नगर कीर्तन में सबसे आगे सिख मार्शल आर्ट गतका की टीमों ने अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। वहीं, गुरुद्वारा कमेटी द्वारा संचालित धार्मिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और हाई स्कूल के विद्यार्थी अनुशासित ढंग से ड्रिल करते हुए तथा गुरबाणी का गायन करते हुए चल रहे थे।
पालकी साहिब के पीछे 30 से अधिक स्त्री सत्संग सभाओं की महिलाएं गुरबाणी और कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और मत्था टेककर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। नगर कीर्तन के सुव्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी सिख नौजवान सभा के अमरीक सिंह, इंदर सिंह, सिमरन सिंह भाटिया और उनकी टीम ने संभाली।
आयोजन को सफल बनाने में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह गिल, सतबीर सिंह सोमू, दमनप्रीत सिंह, चंचल सिंह, चंचल सिंह भाटिया, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविंद्र कौर, कमलजीत कौर गिल, कमलजीत कौर, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, अमरजीत सिंह, अजीत सिंह गंभीर, हरविंदर सिंह मंटू और सुखविंदर सिंह राजू समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
इसके अलावा पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे, प्रधान निशान सिंह, कौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, बलजीत सिंह और तारा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग भी नगर कीर्तन में शामिल हुए।
नगर कीर्तन के निर्धारित मार्ग पर खालसा क्लब, रामगढ़िया सभा और बांटी सिंह सहित विभिन्न सामाजिक एवं सिख संगठनों की ओर से सेवा शिविर और स्टॉल लगाए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
कुल मिलाकर, गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकले इस भव्य नगर कीर्तन ने एक बार फिर लौहनगरी में सिख समाज की धार्मिक आस्था, सेवा भावना और सामाजिक एकता का संदेश दिया। पूरे शहर में गूंजते गुरबाणी के स्वर और गुरु महाराज के जयकारे वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।





