नाला सफाई के ₹7.58 लाख का हिसाब सार्वजनिक करे निगम, फरवरी 2027 तक वार्डवार योजना जारी करने की मांग

नाला सफाई के ₹7.58 लाख का हिसाब सार्वजनिक करे निगम, फरवरी 2027 तक वार्डवार योजना जारी करने की मांग

 

 

जमशेदपुर । सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, को सूचना के अधिकार के तहत मानगो नगर निगम से मिले अभिलेखों के अनुसार, जिस सफाई दल को पारस नगर–शांति नगर, बाबा फर्नीचर–काली मंदिर और डिमना चौक–खड़िया बस्ती के बड़े नालों की सफाई के लिए लगाया गया था, उसने 15 में से केवल 5 दिन इस क्षेत्र में काम किया। शेष 10 दिन यह दल नगर प्रबंधक के आदेश पर पुराने वार्ड 9 के रोड नंबर 13, हयात नगर में लगाया गया।
90 श्रमिक, ₹7.58 लाख: निगम ने इच्छा की अभिव्यक्ति संख्या 03/2026-27 के तहत 5 जून 2026 को तीन समूहों में बड़े नालों की सफाई के कार्यादेश दिए। हर समूह में 30 सफाईकर्मी, 15 दिन, ₹515 प्रतिदिन की दर से — प्रत्येक समूह ₹2,52,708 और कुल ₹7,58,124। कार्य क्षेत्रों में तेजाब तालाब–सुवर्णरेखा, जवाहर नगर रोड 13–देशबंधु लाइन तथा पारस नगर–शांति नगर–डिमना चौक के नाले शामिल थे।
निगम का अपना जांच प्रतिवेदन: निगम के सफाई पर्यवेक्षक, नगर प्रबंधक एवं सहायक नगर आयुक्त के हस्ताक्षर वाले 11 अगस्त 2026 के जांच प्रतिवेदन में समूह 3 के बारे में दर्ज है कि मून सिटी, पारस नगर एवं शांति नगर में 5 दिन काम हुआ और शेष 10 दिन हयात नगर में। प्रतिवेदन में डिमना चौक–खड़िया बस्ती तथा बाबा फर्नीचर–काली मंदिर नालों का कोई उल्लेख नहीं है, फिर भी कार्य “संतोषजनक” बताया गया है। आठ दिन बाद, 19 अगस्त को शांति नगर, लक्ष्मण नगर और राम नगर में भारी जलजमाव हुआ।
अभिलेख पहले नहीं दिए गए: सौरभ विष्णु ने 18 अगस्त 2026 को इन तीनों नालों के कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र, मापी पुस्तिका और निरीक्षण रिपोर्ट मांगी थी। 18 सितंबर के उत्तर में निगम ने केवल कार्यादेश दिए और लिखा कि “भुगतान नहीं हुआ है”; कोई निरीक्षण रिपोर्ट नहीं दी। यही जांच प्रतिवेदन — 31 जुलाई, 11 अगस्त और अगस्त 2026 के — निगम ने 26 अक्टूबर को उनके एक अन्य आवेदन के उत्तर में उपलब्ध कराए, यानी पहले उत्तर के समय भी ये निगम के पास थे। प्रथम अपील पर कोई आदेश न आने के बाद उन्होंने झारखंड राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील दायर की है।
₹13 करोड़ का बजट, 2027 की योजना नहीं: निगम के अनुसार वर्ष 2026-27 में नाला-नाली सफाई का बजट ₹13 करोड़ है, परंतु मानसून 2027 से पहले नालों की सफाई की कोई योजना अभी तैयार नहीं है, और जलजमाव की शिकायतों का कोई अभिलेख निगम कार्यालय में उपलब्ध नहीं बताया गया।
सौरभ विष्णु ने कहा, “19 अगस्त को शांति नगर और आसपास के मोहल्ले जलजमाव में डूबे। निगम के अपने कागज बताते हैं कि उसी क्षेत्र के लिए लगाए गए सफाईकर्मी ज्यादातर दिन कहीं और थे, और दो बड़े नालों का जिक्र तक नहीं है। हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे — बस यह जानना चाहते हैं कि जनता के पैसे से जो सफाई तय हुई थी, वह कहां और कितनी हुई, और अगली बरसात से पहले क्या योजना है।”
जन विकास मंच की मानगो नगर निगम से मांग:
1. तीनों समूहों के कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र, मापी पुस्तिका, उपस्थिति एवं भुगतान की स्थिति सार्वजनिक की जाए, और बताया जाए कि डिमना चौक–खड़िया बस्ती तथा बाबा फर्नीचर–काली मंदिर नालों की सफाई कब हुई।
2. मानसून 2027 से पहले नालों की सफाई की वार्डवार, नालावार योजना फरवरी 2027 तक तिथियों सहित सार्वजनिक की जाए।
3. भुगतान से पहले हर नाले के कार्य का सत्यापन स्थानीय निवासियों की उपस्थिति में हो, और जलजमाव की शिकायतों का रजिस्टर रखा जाए।
समूह / कार्य क्षेत्र कार्यादेश राशि जांच प्रतिवेदन प्रतिवेदन में दर्ज
1 — तेजाब तालाब से सुवर्णरेखा, नूर कॉलोनी ₹2,52,708 अगस्त 2026 कार्य संतोषजनक
2 — जवाहर नगर रोड 13, देशबंधु लाइन ₹2,52,708 31.07.2026 कार्य संतोषजनक
3 — पारस नगर–शांति नगर, बाबा फर्नीचर–काली मंदिर, डिमना चौक–खड़िया बस्ती ₹2,52,708 11.08.2026 5 दिन इस क्षेत्र में, 10 दिन हयात नगर में; कार्य संतोषजनक
स्रोत: मानगो नगर निगम — आरटीआई उत्तर पत्रांक 1717, दिनांक 18.09.2026 (कार्यादेश 1039, 1040, 1041 सहित) तथा पत्रांक 1982, दिनांक 26.10.2026 (जांच प्रतिवेदन एवं बजट विवरण सहित)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई