छठ पर्व पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में उमड़ा यात्रियों का सैलाब, टाटानगर स्टेशन पर लंबी कतारें

छठ पर्व पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में उमड़ा यात्रियों का सैलाब, टाटानगर स्टेशन पर लंबी कतारें

टाटा से बिहार जाने वाली ट्रेनें और बसें फुल, जनरल से लेकर रिजर्वेशन कोच तक में भारी भीड़; बाथरूम और गेट पर बैठकर सफर करने को मजबूर यात्री

जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। टाटा से बिहार जाने वाली लगभग सभी ट्रेनें और बसें यात्रियों से पूरी तरह फुल हो चुकी हैं। बुधवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दोपहर दो बजे से ही यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्लेटफॉर्म पर ऐसा नजारा था, मानो यात्रियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा हो। हर कोई किसी तरह अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ छठ महापर्व मनाना चाहता है।

छठ पर्व को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। टाटा-छपरा एक्सप्रेस, टाटा-थावे एक्सप्रेस और टाटा-पटना साउथ बिहार एक्सप्रेस समेत बिहार जाने वाली अन्य ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। स्थिति यह है कि जनरल बोगी से लेकर आरक्षित कोच तक में पैर रखने की जगह नहीं बची है। कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को भी सफर के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जनरल टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्री किसी तरह ट्रेन में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। जवानों की मौजूदगी में यात्रियों को बारी-बारी से ट्रेन में प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। विशेष रूप से ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतने तथा अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की जा रही है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए टाटा-छपरा, टाटा-थावे और टाटा-पटना साउथ बिहार एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या इतनी अधिक है कि कई लोग ट्रेन के गेट, गलियारे और यहां तक कि बाथरूम के आसपास बैठकर सफर करने को मजबूर हैं।

इधर, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल ने राहत देने के उद्देश्य से 12 और 15 नवंबर को टाटा-थावे तथा टाटा-छपरा के लिए स्पेशल पूजा ट्रेन चलाने की घोषणा की है। हालांकि, स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा के बावजूद तत्काल यात्रियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही है।

छठ महापर्व पर अपने गांव और घर पहुंचने की चाह में यात्री हर तरह की परेशानी उठाने को तैयार हैं। रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर पर्व के दौरान बिहार और झारखंड के बीच यात्री ट्रेनों की बढ़ती मांग और अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई