लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत भाजपा ने निकाली विशाल रैली और पदयात्रा

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत भाजपा ने निकाली विशाल रैली और पदयात्रा

जमशेदपुर:भाजपा के देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को जमशेदपुर में विशाल रैली एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान में आयोजित सभा से हुई। सभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा साकची के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए साकची पार्किंग पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र के नाम पर देश में भीड़तंत्र को बढ़ावा देने और झूठ के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की कथित नकारात्मक राजनीति सफल नहीं होगी। भाजपा देशभर में जनता के बीच जाकर वास्तविकता से अवगत कराएगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना अभियान जारी रखेगी।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और कांग्रेस की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का आह्वान किया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई