पोटका में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार किलो जावा महुआ नष्ट, 150 लीटर अवैध शराब जब्त
नदी किनारे चल रही अवैध शराब की भट्ठियों को किया गया ध्वस्त, संचालक मौके से फरार
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के निर्देशानुसार पोटका थाना क्षेत्र के रानीकुंदर, शंकरदा एवं लोवाडीह गांवों में नदी किनारे संचालित अवैध शराब की भट्ठियों पर छापेमारी की गई।
निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग की टीम ने इन गांवों में अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को निशाना बनाया। छापेमारी के दौरान नदी किनारे संचालित अवैध शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 8 हजार किलोग्राम जावा महुआ घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा टीम ने मौके से 150 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की।
बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही अवैध शराब की भट्ठियों का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। इस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही गई है।






