नशा, लॉटरी और जुए के खिलाफ सरयू राय ने छेड़ा अभियान

 

कहा- जमशेदपुर से शुरू होगी मुहिम, राज्य स्तर तक ले जाने का संकल्प

जमशेदपुर। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नशे के कारोबार और सेवन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच जमशेदपुर विधायक सरयू राय ने नशा, लॉटरी और जुए के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने नशे की वजह से अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सामने लाकर इस गंभीर समस्या पर चिंता जताई।

सरयू राय ने कहा कि ड्रग्स, अफीम और गांजा जैसे नशीले पदार्थों के सेवन की बढ़ती लत समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है और इसका असर परिवार तथा पूरे समाज पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के खिलाफ प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

विधायक ने पुलिस प्रशासन से भी कार्रवाई को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब नशे के कारोबार से जुड़े स्थानों की जानकारी प्रशासन को दी जा चुकी है, तो उन स्थानों पर कार्रवाई सुनिश्चित क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

सरयू राय ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान जमशेदपुर से शुरू किया गया है और आने वाले समय में इसे राज्य स्तरीय आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर भी सवाल

इस दौरान नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति की हत्या के बाद उसके परिजनों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। परिजनों का कहना है कि उन्हें और मामले में गवाही देने वाले लोगों को कथित तौर पर रेकी किए जाने का डर है। परिवार ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए सुरक्षा की मांग की।

परिजनों ने कहा कि यदि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को ही खतरा महसूस होगा, तो आम लोग सामने आने से डरेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गवाहों और परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Comment