टाटानगर रेलवे स्टेशन से चोरी के मोबाइल के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत RPF और GRP की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर से एक मोबाइल चोर को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF, चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के दौरान RPF टीम टाटा और GRP टाटा के जवानों ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में निगरानी और जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को पकड़ा गया।
पकड़े गए युवक की पहचान रोहन सिंह (लगभग 19 वर्ष), निवासी मानगो, जमशेदपुर के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि उक्त मोबाइल फोन को टाटानगर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर/टिकट घर परिसर से चोरी किया गया था।
RPF और GRP की टीम ने बरामद मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आरोपी युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर (GRP) के सुपुर्द कर दिया गया है।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ यात्रियों को भी अपने मोबाइल, बैग और अन्य सामान के प्रति सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। RPF और GRP की इस संयुक्त कार्रवाई से स्टेशन परिसर में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता सामने आई है।
रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।





