पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन में 11 सदस्यीय पंचायत समिति का हुआ गठन

प्रेस विज्ञप्ति

सामाजिक एवं पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जमशेदपुर। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के निर्देशानुसार सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा सामाजिक एवं पारिवारिक विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की 11 सदस्यीय पंचायत समिति का गठन कर दिया गया है।

प्रांतीय स्तर पर महापंचायत का गठन किया गया है जिसके संयोजक पूर्व राज्य सभा सांसद महेश पोद्दार को बनाया गया है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले में भी जिला स्तरीय पंचायत समिति का गठन किया गया है। यह समिति समाज में उत्पन्न होने वाले सामाजिक विवाद, वैवाहिक जीवन में तनाव, घरेलू विवाद, संपत्ति संबंधी विवाद सहित अन्य सामाजिक एवं पारिवारिक मामलों के समाधान की दिशा में कार्य करेगी। समिति का उद्देश्य आपसी संवाद, समन्वय एवं मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला स्तरीय 11 सदस्यीय समिति में एक संयोजक एवं 10 सदस्य होंगे। जिला अध्यक्ष एवं जिला महासचिव पदेन सदस्य होंगे, जबकि अन्य सदस्यों के रूप में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है। समिति में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

समिति की कार्यप्रणाली के तहत जिस क्षेत्र से संबंधित कोई मामला समिति के समक्ष आएगा, उस क्षेत्र के शाखा अध्यक्ष एवं शाखा सचिव को समिति की बैठक में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। इससे संबंधित क्षेत्र की स्थानीय परिस्थितियों एवं मामले की वास्तविक जानकारी समिति के समक्ष रखने में सहायता मिलेगी।

समिति की बैठक के लिए न्यूनतम चार सदस्यों की उपस्थिति कोरम मानी जाएगी। कोरम पूरा होने के बाद समिति संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श कर समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेगी।

जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अनुसार, पंचायत समिति के गठन का उद्देश्य समाज के लोगों के बीच आपसी विश्वास, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। समिति प्रयास करेगी कि पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों का समाधान आपसी बातचीत, समझदारी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हो तथा समाज की एकता और पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखा जा सके।

पंचायत समिति के 11 सदस्यों के नाम:

1. सुरेश कुमार अग्रवाल, साकची संयोजक
2. मुकेश मित्तल, जिला अध्यक्ष पदेन सदस्य, कदमा
3. प्रदीप कुमार मिश्रा, जिला महासचिव, पदेन सदस्य, साकची
4. महिंदर साबू, सोनारी
5. किशोर गोलछा, जुगसलाई
6. CA रमाकांत गुप्ता, बिस्टुपुर
7. मंजू खंडेलवाल, साकची
8. सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, जुगसलाई
9. दिलीप गोयल, जुगसलाई
10. श्रीराम सरोज (अधिवक्ता), भालूबासा
11. रामजी शर्मा, जुगसलाई

जारीकर्ता: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई