जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर, उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली और अनियमितताओं के विरोध में जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ता साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई। प्रदर्शन को देखते हुए डीसी कार्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है और पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की भी मांग की।
प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, जिला महामंत्री बबुआ सिंह, पूर्व सांसद आभा महतो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर चढ़कर भी विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।




