जमशेदपुर: शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर सेंट्रल सिख नौजवान सभा ने सामाजिक सरोकार से जुड़ा प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में युवाओं को शहीद उधम सिंह के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। साथ ही नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं तथा नियमित रक्तदान एवं प्लेटलेट्स दान करने वाले रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, समाज सेवा और नशा मुक्त जीवन के प्रति जागरूकता एवं प्रेरणा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
समाज में बढ़ती नशे की समस्या के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता में 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा नियमित रक्तदान और प्लेटलेट्स दान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करने वाले रक्तवीरों को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान और समाज सेवा जैसे कार्य मानवता की सच्ची सेवा हैं तथा युवाओं को ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।





