एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 193वीं बटालियन के दो जवानों को गंभीर हालत में इलाज के लिए लाया गया

जमशेदपुर:  दोनों कई दिनों से तेज बुखार और अत्यधिक कमजोरी से जूझ रहे थे। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने तत्काल जांच शुरू की।
प्रारंभिक मेडिकल जांच में एक जवान में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे जवान की रिपोर्ट फिलहाल सामान्य आई है। बावजूद इसके डॉक्टर उसकी स्थिति को देखते हुए लगातार निगरानी में रखे हुए हैं और अतिरिक्त जांच भी कराई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों जवानों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस और रेफरल की प्रक्रिया भी तैयार रखी है ताकि जरूरत पड़ते ही उन्हें शिफ्ट किया जा सके।
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि महज एक दिन पहले इसी अस्पताल में सीआरपीएफ के एक जवान की ब्रेन मलेरिया से इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद सुरक्षा बलों और स्वास्थ्य विभाग में सतर्कता बढ़ गई है। जवानों के स्वास्थ्य की विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि संक्रमण के अन्य मामलों का समय रहते पता लगाया जा सके।
उधर, कोल्हान क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज बुखार, कंपकंपी या लगातार कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर लापरवाही न करें और तत्काल जांच कराएं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई