कार्रवाई के दौरान होटल के कमरा नंबर 201 और 202 की तलाशी ली गई। पुलिस की मौजूदगी से होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान लिंडा, सोनू और बिदू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों रांची के रातू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले करीब तीन महीने से होटल में ठहरे हुए थे।
सूत्रों की मानें तो लंबे समय से होटल में ठहरने और उनकी गतिविधियों को लेकर पुलिस को इनपुट मिला था। इसके बाद गोलमुरी थाना पुलिस ने होटल पहुंचकर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरों में मौजूद सामान और दस्तावेजों की भी जांच की गई।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों जमशेदपुर किस मकसद से आए थे, यहां किन लोगों के संपर्क में थे और इतने लंबे समय तक होटल में रहने की वजह क्या थी। होटल प्रबंधन से गेस्ट रजिस्टर, आईडी प्रूफ और ठहराव से जुड़े अन्य रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी आपराधिक मामले में तीनों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।





