जमशेदपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम ने ट्रेन में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के दिशा-निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम बुधवार (29 जुलाई 2026) की रात स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में विशेष गश्त कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों ने देखा कि ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा–हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस के पीछे स्थित जनरल कोच से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूदकर तेजी से भाग निकले।
दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर आरपीएफ टीम तत्काल सक्रिय हो गई। सबसे पहले स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करते हुए उनकी तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर घूमते हुए दिखाई दिए।
आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी पहचान समीर मुखी (20 वर्ष), सावन मुंडा (17 वर्ष) तथा शेखर सिंह उर्फ पाजी (20 वर्ष) के रूप में बताई। तीनों आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि मोबाइल ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे। इसके बाद बरामद मोबाइलों को जब्त कर तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध किसी संगठित गिरोह से तो नहीं है तथा क्या इनके द्वारा पूर्व में भी ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। जांच के दौरान अन्य मामलों में भी इनकी संलिप्तता की पड़ताल की जाएगी।
यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने अंजाम दी।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल अथवा जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। रेलवे द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” लगातार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



