जमशेदपुर, 29 जुलाई 2026
खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार दिनांक 29 जुलाई 2026 को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी, रांची में आयोजित 135वीं डूरंड कप 2026 के अंतर्गत आयोजित एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम में सहभागिता हेतु पूर्वी सिंहभूम जिला से 50 खिलाड़ियों का दल बस द्वारा रांची के लिए रवाना किया गया।
इस दल के साथ प्रशिक्षकों एवं सहयोगी कर्मियों को भी भेजा गया है, ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन, खेल प्रबंधन, आधुनिक खेल तकनीकों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों के प्रदर्शन का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर प्राप्त हो सके। इस एक्सपोज़र विजिट का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, खेल दृष्टिकोण, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता तथा आत्मविश्वास का विकास करना है।
उक्त कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत संचालित डे-बोर्डिंग वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र, कदमा एवं डे-बोर्डिंग हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र, बिष्टुपुर के प्रशिक्षु खिलाड़ियों को उनके प्रशिक्षकों के साथ शामिल किया गया है।
जिला खेल विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस प्रकार के एक्सपोज़र कार्यक्रम खिलाड़ियों के सर्वांगीण खेल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के वातावरण से परिचित कराते हैं। विभाग द्वारा सभी खिलाड़ियों को कार्यक्रम में सफल सहभागिता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गई हैं।






