33 किलो गांजा के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, बनारस भेजने की थी तैयारी

जमशेदपुर : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से 33 किलो गांजा के साथ बिहार के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन ट्रॉली बैग में रखा गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बतायी गयी है। पुलिस के अनुसार, गांजा की खेप ओडिशा से लाकर बिहार और बनारस पहुंचाने की तैयारी थी। मामले में पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 8.15 बजे सीतारामडेरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के समीप शौचालय के पास दो-तीन युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना थी कि गांजा ओडिशा से लाया गया है और इसे बिहार व बनारस भेजा जाना है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी।

टीम ने बिना देर किये संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से उमेश कुमार (20), पिता स्वर्गीय मुनारिक राय, निवासी गंजपर, थाना अथमलगोला, जिला पटना (बिहार) को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से करीब 33 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एक सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मोबाइल से खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज

मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि ओडिशा से गांजा की खेप किस व्यक्ति से ली गयी थी और बिहार तथा बनारस तक इसे पहुंचाने के लिए किसने निर्देश दिया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और जमशेदपुर का इस्तेमाल गांजा की खेप को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने के लिए किस तरह किया जा रहा था।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई