जादूगोड़ा में होमगार्ड जवानों ने नए यूनियन गठन की प्रक्रिया की तेज, पहले दिन 21 जवान जुड़े

जादूगोड़ा: यूसिल (UCIL) में तैनात होमगार्ड जवानों में प्रबंधन के कथित तानाशाही रवैये को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच पूर्वी सिंहभूम जिले के होमगार्ड जवानों ने विभागीय होमगार्ड एसोसिएशन से अलग होकर नए यूनियन के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सोमवार को जादूगोड़ा में आयोजित बैठक में झामुमो नेता बाघ राय मार्डी की अगुवाई में नए यूनियन का गठन किया गया। यूनियन का दावा है कि इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी होमगार्ड जवानों को सदस्य बनाया जाएगा।
पहले दिन ही 21 होमगार्ड जवानों ने सदस्यता शुल्क जमा कर नए यूनियन की सदस्यता ग्रहण की और यूनियन के प्रति अपना समर्थन जताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जवानों का विभागीय होमगार्ड एसोसिएशन से भरोसा उठ चुका है, इसलिए उनके हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए नए संगठन का गठन किया गया है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले भर के होमगार्ड जवानों को इस संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि उनकी मांगों और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाया जा सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई