साधु के भेष में चल रहा था अवैध गांजा तस्करी का काला कारोबार, सप्लायर समेत दो शातिर तस्कर गिरफ्तार; 7.8 किलो गांजा बरामद

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु के भेष में गांजा सप्लाई करने वाले एक तस्कर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 7.8 किलोग्राम गांजा, गांजा से भरे 60 प्री-रोल्ड सिगरेट, गांजा पैक करने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹4 लाख बताई जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्वी सिंहभूम को 25 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा (देवघर) एनएच-33 स्थित काली मंदिर के समीप एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा गया है तथा उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के लोगों को बेचा जा रहा है।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की निगरानी में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार तथा एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने गुमटी में छापेमारी कर रौशन कुमार (21) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 130 ग्राम गांजा, ‘BONGONCHIE PERFECT ROLL FOR THE PERFECT SOUL’ नामक पैक में गांजा से भरे 60 प्री-रोल्ड सिगरेट, गांजा पैक करने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, बिक्री के ₹3,060, एक फोल्ड एंड्रॉयड मोबाइल और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पैकेट बरामद किए।
पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह हर सप्ताह दो-तीन बार बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ ‘साधु’ से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लाकर शहर में बेचता था। उसने यह भी बताया कि शंभू महतो लंबे समय से बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी का कारोबार चला रहा है।
रौशन की निशानदेही पर 26 जुलाई को पुलिस ने जोबा गांव स्थित शंभू महतो उर्फ साधु के घर पर छापेमारी की। वहां से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया करीब 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजे के बीज, बिक्री के ₹5,840, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार कुल मिलाकर 7.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
रौशन कुमार (21 वर्ष), निवासी शंकोसाई रोड नंबर-5, एकतानगर, थाना ओलिडीह, पूर्वी सिंहभूम। पुलिस के अनुसार वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
शंभू महतो उर्फ साधु (62 वर्ष), निवासी जोबा गांव, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम।
बरामद सामान
कुल 7.8 किलोग्राम गांजा
गांजा से भरे 60 प्री-रोल्ड सिगरेट
गांजा पैकिंग सामग्री एवं फिल्टर पेपर
इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन
दो मोबाइल फोन
गांजा बिक्री की कुल ₹8,900 नकदी
बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पैकेट एवं गांजे के बीज
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई