जमशेदपुर। मल्हार प्रोडक्शन के बैनर तले आयोजित सिंहभूम्स पेजेंट शो 2026 सीज़न 1 का प्रथम संस्करण न्यू सीतारामडेरा स्थित आदिवासी एसोसिएशन हॉल में भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य सिंहभूम क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में तीनों श्रेणियों के प्रतिभागियों ने भारतीय, क्रिएटिव और वेस्टर्न राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, मंच संचालन और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में अनिकेत दत्ता, श्रीपर्णा मुखी तथा मीरा श्रीवास्तव ने खिताब अपने नाम किया। विजेताओं को क्राउन, सैश, ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न सब-टाइटल विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सत्यम सिंह, बंटी सिंह, अंकुर सिंह, राकेश साहू, नवराज मारवाह, अविश्का चंद, झरना चंदा, शिवशंकर सिंह, समाजसेवी बादल मुखी तथा जागो टीम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में शो ग्रूमर एवं संजना मुखी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और प्रभावशाली स्टेज प्रेजेंस का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के टाइटल स्पॉन्सर का भी आयोजकों ने विशेष आभार व्यक्त किया। मल्हार प्रोडक्शन के संस्थापक एवं स्वयम् मुखी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सिंहभूम की प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की शुरुआत है। उन्होंने भविष्य में इस मंच को और व्यापक बनाकर स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रायोजकों और स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही।





