निजी खर्च से विद्यालय में लगवाई लाइटें, पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने दूर की वर्षों पुरानी समस्या

प्राथमिक विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट एवं एक हैलोजन लगाने से बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने जताया आभार

जमशेदपुर, बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर–1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में महिनों से बनी हुई प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से कर दिया। उन्होंने विद्यालय के दोनों कमरों में चार एलईडी ट्यूब लाइट तथा विद्यालय परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान की।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा स्कूल परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विद्यालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने की समस्या को प्राथमिकता से उठाया गया था। समस्या सुनते ही पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से लाइट लगाने की घोषणा की थी। अपने वादे को निभाते हुए शुक्रवार को उन्होंने विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट एवं बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया।

लाइट लगने के बाद अब विद्यार्थियों को बेहतर रोशनी में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी, वहीं शिक्षकों को भी पठन-पाठन कार्य में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। विद्यालय परिसर के बाहर हैलोजन लगने से शाम के समय होने वाले अंधेरे की समस्या दूर होगी तथा असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी रोक लगने की उम्मीद है।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने कहा कि विद्यालय की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी वे लगातार प्रयासरत रहेंगी, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी एवं शिक्षिका सरिता कुमारी ने झरना मिश्रा के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, सीमा पांडे, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment