जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 504/2026
24 जुलाई 2026
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सभी मामलों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, नियोजन, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें उपायुक्त के समक्ष रखीं। प्राप्त मामलों में छात्रवृत्ति, आरटीई के तहत नामांकन, जन्म प्रमाण पत्र, रोजगार, लंबित पेंशन राशि के भुगतान, घरेलू विवाद, चिकित्सीय सहायता, जाति प्रमाण पत्र, स्थानांतरण, फीस माफी, झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र, किसानों की समस्याओं सहित अन्य जनहित से जुड़े विषय शामिल रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को नियमानुसार आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन मामलों में विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो, उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए।
#Team PRD (East Singhbhum)





