डीडी बार हत्याकांड: राजस्थान से गिरफ्तार हुआ बार मालिक नीरज सिंह, दो और मुख्य आरोपी भी दबोचे गए
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर तत्काल एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। अनुसंधान के दौरान पहले ही इस कांड के नौ प्राथमिक एवं अप्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विभिन्न राज्यों में छापेमारी जारी थी।
इसी क्रम में पुलिस ने डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटूश्याम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे जमशेदपुर लाया गया है। वहीं, इस मामले के दो अन्य मुख्य आरोपी सुदर्शन मंडल उर्फ लाटू तथा राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. नीरज सिंह (डीडी बार के मालिक)
– पिता : साहेब दयाल सिंह
– पता : डी/6, आशियाना एन्क्लेव, एमजीएम थाना क्षेत्र, जमशेदपुर
2. सुदर्शन मंडल उर्फ लाटू (लगभग 30 वर्ष)
– पिता : भवेश चंद्र मंडल
– निवासी : सिजुकोला, थाना बहलदा, जिला मयूरभंज (ओडिशा)
3. राजेश मंडल (लगभग 27 वर्ष)
– पिता : गंगाधर मंडल
– निवासी : दालसोरा, थाना बहलदा, जिला मयूरभंज (ओडिशा)
नीरज सिंह का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार नीरज सिंह के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है। कदमा थाना कांड संख्या 191/2022 (दिनांक 1 नवंबर 2022) में उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 341, 427, 504, 506 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है।
बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि हत्या की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस चर्चित हत्याकांड में आगे भी अनुसंधान जारी है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों के संबंध में कार्रवाई लगातार की जा रही है।






