जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 455/2026
07 जुलाई 2026
उपायुक्त के निर्देश पर बोड़ाम प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित, 132 आवेदकों को मिला लर्नर लाइसेंस
राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले में आम नागरिकों को उनके प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में बोड़ाम प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 175 आवेदकों ने आवेदन किया, जिनमें से निर्धारित प्रक्रिया एवं परीक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 132 आवेदकों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 02 जुलाई, 2026 से जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में पूर्व निर्धारित तिथियों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को उनके नजदीक ही यह सुविधा उपलब्ध हो सके।
शिविर के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, प्रखंड प्रमुख, मोटरयान निरीक्षक श्री निशांत कुमार महतो एवं श्री ईश्वर लाल साव द्वारा सफल अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। इस अवसर पर सभी आवेदकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट एवं बुकलेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की टीम भी उपस्थित रही।
#Team PRD (East Singhbhum)






