जिंतुगड़ा में विधायक सोनाराम सिंकु ने भरा एसआईआर फॉर्म, मतदाताओं से भी किया आवेदन करने का आह्वान
जगन्नाथपुर: जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने सोमवार को अपने पैतृक गांव जिंतुगड़ा (दुरलीपी) में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को जमा किया।
इस दौरान सोनाराम सिंकु ने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए आवश्यक है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर एसआईआर फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने लोगों से अभियान के प्रति जागरूक रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले और मतदाता सूची को अद्यतन बनाने में सहयोग करे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी ली और अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा जताया।






