दुबिल माइंस के आंदोलनरत ग्रामीणों से मिलीं सांसद जोबा माझी, जल्द त्रिपक्षीय वार्ता का दिया आश्वासन

दुबिल माइंस के आंदोलनरत ग्रामीणों से मिलीं सांसद जोबा माझी, जल्द त्रिपक्षीय वार्ता का दिया आश्वासन

मनोहरपुर: चिरिया क्षेत्र अंतर्गत दुबिल माइंस में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से मिलने रविवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी दुबिल पहुंचीं। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सांसद को सौंपते हुए समाधान के लिए हस्तक्षेप की मांग की।

सांसद जोबा माझी ने करीब एक घंटे तक आंदोलनरत ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

वार्ता के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि जल्द ही एक त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सांसद जोबा माझी, दुबिल माइंस के प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा ग्रामीण शामिल होंगे। बैठक में सभी पक्षों के साथ चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में दुबिल गांव के स्थानीय बेरोजगारों को दुबिल माइंस में रोजगार में प्राथमिकता देना, गांव के 200 युवक-युवतियों को माइंस में रोजगार उपलब्ध कराना, माइंस से प्रभावित दुबिल गांव की बंजर भूमि का खतियान के आधार पर मुआवजा देना तथा गांव के आठ चापाकलों पर सौर ऊर्जा आधारित जलमीनार की स्थापना करना शामिल है।

गौरतलब है कि इन मांगों को लेकर ग्रामीण पिछले दस दिनों से दुबिल माइंस के मुख्य गेट के सामने तंबू लगाकर धरने पर बैठे हुए हैं। आंदोलन के कारण माइंस में खनन कार्य सहित अन्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।

मौके पर ग्राम मुंडा रामलाल चांपिया, दुलाल आइन्द, गुरा मुर्मू, निशा आईंद, सुनील हांसदा सहित बड़ी संख्या में आंदोलनरत ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित