जमशेदपुर बंद को लेकर टेल्को मंडल अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं पर टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी को पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा- पूर्वाग्रह से प्रेरित है शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग की

जमशेदपुर बंद को लेकर टेल्को मंडल अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं पर टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी को पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा- पूर्वाग्रह से प्रेरित है शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग की

जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने टेल्को थाना में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को आयोजित जमशेदपुर बंद के बाद शनिवार तक किसी भी समाचार पत्र अथवा अन्य माध्यमों से तोड़फोड़, आगजनी, जबरन बंद कराने या हिंसात्मक गतिविधियों की कोई शिकायत सामने नहीं आई। इसके बावजूद शनिवार शाम मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि जमशेदपुर अक्षेस के स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर विश्वजीत मुंडा ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

गुंजन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा कार्यकर्ता भी पूरी तरह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत जमशेदपुर बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरे थे। ऐसे में इस प्रकार के आरोप यह संकेत देते हैं कि कुछ अधिकारी पूर्वाग्रह और राजनीतिक विद्वेष की भावना से प्रेरित होकर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जमशेदपुर अक्षेस को यह बताना चाहिए कि बंद के दौरान संबंधित अधिकारी किस सरकारी कार्य का निष्पादन कर रहे थे, जिसमें कथित रूप से बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सूचनाओं और विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार कहीं भी बलपूर्वक या जबरन बंद कराने की घटना सामने नहीं आई है।

गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों द्वारा इस प्रकार के कृत्य से भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने और लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराने और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की मांग की है।

सादर,
गुंजन यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित