हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं बिगड़ती विधि-व्यवस्था के विरोध में ऐतिहासिक रहा भाजपा का जमशेदपुर बंद कुलवंत सिंह बंटी

हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं बिगड़ती विधि-व्यवस्था के विरोध में ऐतिहासिक रहा भाजपा का जमशेदपुर बंद कुलवंत सिंह बंटी
जमशेदपुर, 3 जुलाई।
हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं जमशेदपुर में लगातार बिगड़ती विधि-व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को शहरवासियों का व्यापक एवं अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ। बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सफल रहा।
भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी सुबह से ही कार्यकर्ताओं के साथ शहर की सड़कों पर उतरे और विभिन्न बाजारों, प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में जाकर दुकानदारों से बंद का समर्थन करने एवं अपनी दुकानें बंद रखने का आग्रह किया। इस दौरान अधिकांश बाजार पहले से ही स्वेच्छा से बंद मिले तथा बड़ी संख्या में टेंपो एवं अन्य सार्वजनिक वाहन भी स्वतः बंद रहे। इससे स्पष्ट हुआ कि शहर की जनता हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद आक्रोशित है।
कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि यह बंद केवल भारतीय जनता पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जमशेदपुर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और न्याय की लड़ाई का जनआंदोलन बन गया। शहरवासियों, व्यापारियों, वाहन चालकों एवं सभी सामाजिक वर्गों ने जिस प्रकार स्वेच्छा से बंद को समर्थन दिया, वह यह संदेश देता है कि जनता अब अपराध और प्रशासनिक विफलता को किसी भी कीमत पर स्वीकार करने को तैयार नहीं है।


कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपराधियों के बढ़ते मनोबल के कारण आम नागरिक भय के माहौल में जीवन जीने को विवश हैं। भाजपा जनता की आवाज़ बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी तथा हिमांशु सिंह के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोरतम कार्रवाई होने तक अपना आंदोलन जारी रखेगी।
भाजपा जमशेदपुर महानगर की तरफ से कुलवंत सिंह बंटी ने सफल एवं ऐतिहासिक बंद को समर्थन देने वाले सभी नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, वाहन चालकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई