सरायकेला में बिजली के तारों क़े चपेट में आने से हाथी की मौत

सरायकेला: जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह और सपारूम गांव के जंगल में एक जंगली हाथी का शव बरामद किया गया है. शुरुआती जांच में हाथी की मृत्यु का कारण हाई वोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आना बताया जा रहा है. जैसे ही ग्रामीणों को हाथी की मौत की सूचना मिली, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरुलडीह पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से तिरुलडीह और सपारूम के जंगलों में हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा है. इस जंगल के इलाके से गुजरने वाले बिजली के लटकते तार जंगली जानवरों के लिए मौत का जाल बन गए हैं. आशंका है कि इन तारों के संपर्क में आने से हाथी की मौत हो गई.

हाथी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी कि मौत करंट से हुई है या किसी अन्य कारण से. यदि इसमें लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति पर उचित कार्रवाई होगी.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई