टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पैकेटमारी की कोशिश करने वाला युवक गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम ने एक शातिर पैकेटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद ताबीश के रूप में हुई है, जो मानगो के आजाद बस्ती का निवासी बताया जा रहा है। उसका स्थायी निवास बिहार के गया जिले में है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 मई 2026 को फेसबुक और विभिन्न न्यूज चैनलों पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के पास एक युवक यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर पैकेटमारी करने की कोशिश कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
वीडियो की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा ने संयुक्त अभियान चलाया और आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और स्टेशन परिसर में सघन जांच के बाद टीम ने रविवार शाम आरोपी को टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर से ही धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद ताबीश के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक चोरी किया हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी स्टेशन परिसर में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय रहकर यात्रियों को निशाना बनाता था। विशेष रूप से टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और पैकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देता था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। जीआरपी द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके। यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी स्टेशन परिसर या आसपास इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई रेलवे द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्टेशन परिसर में अपराधियों पर शिकंजा कसना है।
इस अभियान का संचालन वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल एवं रेल एसपी जमशेदपुर के मार्गदर्शन में किया गया। टीम का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ हेल्पलाइन या रेलवे पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। रेलवे की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।







