हाता माता आश्रम के पास पुलिया के गड्ढे भरे, धूल-प्रदूषण से अब भी परेशान लोग
पोटका : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-220 पर हाता माता आश्रम के समीप नवनिर्मित पुलिया को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखने लगा है। खबर सामने आने के बाद ठेकेदार की ओर से पुलिया के दोनों छोर पर बने गहरे गड्ढों को भर दिया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को फिलहाल राहत मिली है।
हालांकि, समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। सड़क पर लगातार उड़ रही धूल और बढ़ते प्रदूषण से स्थानीय लोग अब भी परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण के दौरान पहुंच पथ को सही तरीके से तैयार नहीं किया गया था, जिसके कारण सड़क की स्थिति खराब हो गई और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ था।
स्थानीय समाजसेवी आनंद पाल ने बताया कि गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर रात के समय यह रास्ता काफी जोखिमभरा हो जाता था। उन्होंने कहा कि खबर प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार ने गड्ढे तो भर दिए, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।
आनंद पाल ने ठेकेदार की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधूरा काम छोड़ देना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि पुलिया के दोनों ओर सड़क का जल्द से जल्द कालीकरण कराया जाए, ताकि सड़क की गुणवत्ता बेहतर हो सके और धूल-प्रदूषण से लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की मरम्मत और निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। फिलहाल गड्ढों के भरने से आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थायी समाधान की जरूरत अब भी बनी हुई है।







