पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के बाकी पंचायत स्थित पुखुरिया गांव के जानूमडीह टोला में रविवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तनाव फैल गया। पत्नी की हत्या का आरोप लगाते हुए मायके पक्ष के लोगों ने पति की जमकर पिटाई कर दी। घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि महिला का शव 15 घंटे से अधिक समय तक गांव में ही पड़ा रहा।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय साकरो मुर्मू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात साकरो मुर्मू और उसके पति संग्राम मुर्मू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। मायके पक्ष का आरोप है कि संग्राम ने डंडे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
घटना के बाद रविवार शाम तक पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। स्थानीय स्तर पर मामले को दबाने और पंचायत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान मृतका के मायके आसना गांव में घटना की जानकारी पहुंची।
सूचना मिलते ही महिला के परिजन और ग्रामीण पुखुरिया गांव पहुंचे। वहां पहुंचते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने संग्राम मुर्मू को पकड़कर जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल संग्राम मुर्मू ने हत्या के आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि दोनों नशे में थे और विवाद के बाद वह घर के अंदर सो गया था। सुबह उठने पर पत्नी को घर के बाहर मृत पाया।
इधर, महिला का शव गांव में ही पड़ा रहा। बताया जा रहा है कि शव उठाने और अंतिम संस्कार को लेकर दोनों गांवों के ग्राम प्रधानों की बैठक बुलाई गई है। पुलिस घटनास्थल पहुंचकर महिला की मौत और पति पर हमले दोनों मामलों की जांच में जुट गई है। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।







