नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने पिता पर चापड़ से किया जानलेवा हमला, जमशेदपुर में सनसनी
जमशेदपुर:
शहर में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति एक बार फिर खौफनाक रूप में सामने आई है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के 10 नंबर बस्ती में देर रात एक बेटे ने नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही पिता पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने अपने पिता करम सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर वह आगबबूला हो गया और गुस्से में आकर चापड़ से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में करम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी बेटे की तलाश की जा रही है।
यह घटना शहर में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत और उसके दुष्परिणामों को उजागर करती है। जिस तरह छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं, वह समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।







