1 मई से शुरू होगी जनगणना 2027 की प्रक्रिया, जमशेदपुर में तैयारियां पूरी; उपायुक्त ने दी विस्तृत जानकारी
जमशेदपुर:देशभर में शुरू हो रही जनगणना 2027 की प्रक्रिया को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता कर जिले में जनगणना की तैयारियों और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना 2027 इस बार पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई जा रही है, जिसमें आम नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिससे डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण 1 मई से 14 जून तक चलेगा। इस दौरान 1 मई से 15 मई के बीच नागरिकों को अपना पूरा विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक एस.ई. आईडी (Self Enumeration ID) जारी की जाएगी, जिसे फील्ड सर्वे के दौरान पर्यवेक्षक को दिखाना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल जनगणना कार्य के लिए ही किया जाएगा। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
प्रशासन की ओर से जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले पर्यवेक्षकों और गणनाकारों को तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण में डिजिटल ऐप के उपयोग, डेटा संग्रहण और सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है, क्योंकि इसी आंकड़े के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है। ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिलेवासियों से समय पर अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।







