मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, राज्य के सुख-समृद्धि की कामना
देवघर झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान शनिवार को अपने परिवार संग बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्य न्यायाधीश के आगमन से पहले मंदिर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। प्रोटोकॉल के तहत देवघर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी सौरभ समेत प्रशासन के सभी वरीय अधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
मुख्य न्यायाधीश शुक्रवार की देर शाम मधुपुर में कुछ समय विश्राम करने के बाद देवघर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शनिवार की सुबह वे परिवार के साथ वीआईपी द्वार से मंदिर में प्रवेश किए और तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं की आवाजाही कुछ समय के लिए रोकी गई थी, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पूजा के बाद डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ ने मुख्य न्यायाधीश को अंगवस्त्र और बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद भेंट किया। पूजा संपन्न करने के बाद मुख्य न्यायाधीश देवघर से रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, उनके बासुकीनाथ दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन उन्होंने सीधे देवघर से ही प्रस्थान किया।





